राष्ट्रभाषा प्रचार समिति ने घोषित किए राष्ट्रीय सृजन पुरस्कार

Aryan
By
Aryan
Editor & Owner
- Editor & Owner
3 Min Read

राष्ट्रभाषा प्रचार समिति ने घोषित किए राष्ट्रीय सृजन पुरस्कार

 

रिपोर्ट -कुमार संदीप 

मधुकांत को साहित्यश्री, सूरजसिंह नेगी को हिन्दी सृजन पुरस्कार; मीरा जैन समेत छह साहित्यकार होंगे सम्मानित

 

श्रीडूंगरगढ़। राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति ने वर्ष 2026 के राष्ट्रीय सृजन पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। समिति के सर्वोच्च मलाराम माली स्मृति साहित्यश्री सम्मान से रोहतक के वरिष्ठ साहित्यकार मधुकांत को उनके समग्र साहित्यिक अवदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। वहीं डॉ. नंदलाल महर्षि स्मृति हिन्दी सृजन पुरस्कार जयपुर के कथाकार-उपन्यासकार डॉ. सूरजसिंह नेगी को उनकी औपन्यासिक कृति ‘भावेश जो कह न सका’ के लिए प्रदान किया जाएगा।

 

समिति अध्यक्ष श्याम महर्षि एवं उपाध्यक्ष डॉ. मदन सैनी ने बताया कि हिन्दी की विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट सृजन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर इन पुरस्कारों का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष देश के 12 से अधिक राज्यों से प्राप्त प्रविष्टियों एवं प्रस्तावों में से चयन समिति ने श्रेष्ठ कृतियों और रचनाकारों का चयन किया है।

 

समिति के मंत्री एवं पुरस्कार समिति के संयोजक रवि पुरोहित ने बताया कि श्री शिवप्रसाद सिखवाल स्मृति महिला लेखन पुरस्कार उज्जैन की साहित्यकार मीरा जैन को व्यंग्य संग्रह ‘हेल्थ हादसा’ के लिए तथा श्यामसुन्दर नागला स्मृति बाल साहित्य पुरस्कार उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ बाल साहित्यकार लाल देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव को बाल काव्य कृति ‘देश की मिट्टी है अनमोल’ के लिए प्रदान किया जाएगा।

 

इसी क्रम में सुरेश कंचन ओझा लेखन पुरस्कार किशनगढ़ के डॉ. सतीश कुमार को उनकी कृति ‘भारत में लोकतंत्र’ के लिए दिया जाएगा। वहीं गत वर्ष प्रारंभ किए गए श्री चन्द्रमोहन हाड़ा हिमकर स्मृति उपन्यास लेखन पुरस्कार के लिए गाजियाबाद के साहित्यकार अरविंद पथिक की कृति ‘असभ्यता का आक्रमण’ का चयन किया गया है।

 

आयोजन समन्वयक महावीर माली ने बताया कि सभी पुरस्कार 27 सितंबर को श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित समारोह में प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार अर्पण समारोह के साथ साहित्यिक संगोष्ठी भी होगी, जिसमें समकालीन साहित्य एवं समाज से जुड़े विषयों पर विमर्श किया जाएगा।

 

समिति के कोषाध्यक्ष रामचन्द्र राठी ने बताया कि साहित्यश्री सम्मान के तहत 21 हजार रुपये नगद तथा अन्य पुरस्कारों के तहत 11-11 हजार रुपये के साथ सम्मान-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं शॉल प्रदान किए जाएंगे। आयोजन सचिव महावीर सारस्वत ने बताया कि रामकिशन उपाध्याय स्मृति समाज सेवा सम्मान एवं शब्द शिल्पी सम्मानों की घोषणा भी शीघ्र की जाएगी।

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!