आदर्श शिक्षक, कर्मयोगी किसान और समाज के पथप्रदर्शक हैं ‘भोला गुरु जी’

Aryan
By
Aryan
Editor & Owner
- Editor & Owner
4 Min Read

आदर्श शिक्षक, कर्मयोगी किसान और समाज के पथप्रदर्शक हैं ‘भोला गुरु जी’

 

मुजफ्फरपुर (बंदरा), संवाददाता: कुमार संदीप 

बंदरा प्रखंड क्षेत्र के सिमरा गांव निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक भोला सिंह, जिन्हें पूरा क्षेत्र सम्मान और स्नेह से ‘भोला गुरु जी’ कहकर पुकारता है, आज भी अपनी सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और समाजसेवा के कारण युवाओं व बुजुर्गों के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं। 1 मई 1951 को स्व. गोपी महतो एवं स्व. राधा देवी के घर जन्मे भोला सिंह ने विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा और संस्कारों की जो अलख जगाई, वह पूरे समाज के लिए एक मिसाल है।

 

150 रुपये मासिक वेतन से शुरू किया था शिक्षण सफर

अपने गांव से प्रारंभिक व 11वीं तक की शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने राघव प्रसाद सिंह महाविद्यालय, जैदपुर से मनोविज्ञान में स्नातक किया। वर्ष 1974 में मात्र 150 रुपये प्रतिमाह के वेतन पर प्राथमिक विद्यालय मझौलिया से उन्होंने अध्यापन की शुरुआत की। इसके बाद राजकीय मध्य विद्यालय गोपालपुर सकरा, राजकीय मध्य विद्यालय सलहा (बोचहां) और प्राथमिक विद्यालय सुरियांही (बोचहां) में अपनी सेवाएं देते हुए 30 अप्रैल 2011 को प्राथमिक विद्यालय करैला से वे सेवानिवृत्त हुए। उनका मानना है कि भीषण बाढ़ हो या मूसलाधार बारिश, शिक्षक का धर्म समय पर विद्यालय पहुंचकर बच्चों का भविष्य गढ़ना है।

 

1 जनवरी 1977 को पिता के निधन के बाद परिवार की समस्त जिम्मेदारियां उनके कंधों पर आ गईं। उन्होंने अभिभावक की भूमिका निभाते हुए अपने छोटे भाई तेज नारायण सिंह को हमेशा संबल दिया, जिनकी पत्नी मंजू देवी भी आज शिक्षिका के रूप में समाज को शिक्षित कर रही हैं। शिक्षण के साथ-साथ भोला गुरु जी एक कुशल किसान के रूप में अपनी माटी से जुड़े रहे और हर रविवार ग्रामीण पंचायती के माध्यम से लोगों की समस्याओं का सुलझा हुआ समाधान निकालते रहे हैं।

 

 

संतानों ने भी बढ़ाया परिवार व गांव का मान

उनके उच्च संस्कारों का ही परिणाम है कि आज उनकी सभी संतानें विभिन्न क्षेत्रों में सफलतापूर्वक कार्यरत हैं। बड़े पुत्र मनोज कुमार भारती बेंगलुरु में व्यवसाय संभालने के बावजूद अपनी मिट्टी से जुड़े हैं, वहीं छोटे पुत्र रवि शंकर कुमार शहद के व्यापार में सफल हैं। उनकी बड़ी पुत्री आंगनबाड़ी सेविका हैं और उनके पति डॉ. सुरेश कुमार एक कुशल चिकित्सक हैं। दूसरी पुत्री रंजना कुमारी और तीसरी पुत्री शोमा कुमारी भी अपनी विनम्रता के लिए जानी जाती हैं; शोमा के पति अवधेश प्रसाद सिंह भारतीय सेना में रहकर देश की सेवा कर रहे हैं।

 

अनुशासित दिनचर्या और आत्मीय व्यवहार

 

जीवन के इस पड़ाव पर भी वे प्रतिदिन सूर्योदय से पूर्व उठकर दो से ढाई किलोमीटर टहलते हैं और नियमित योगाभ्यास करते हैं। अतिथियों और ग्रामीणों का आत्मीय स्वागत करना उनके स्वभाव की पहचान है।

 

काव्य पंक्तियों में सम्मान:

भोला गुरु जी ने कर्म से जीवन का उजियारा किया,

ज्ञान बाँटकर अनगिनत जीवन को संवारा दिया।

शिक्षक, किसान और समाज के पथप्रदर्शक बनकर,

अपनी माटी के मान को भोला गुरु जी ने ऊँचा किया।

 

(रिपोर्ट: कुमार संदीप)

ग्राम -सिमरा,पोस्ट-श्रीकांत, प्रखंड-बंदरा, जिला-मुजफ्फरपुर, राज्य -बिहार

Share This Article
Leave a Comment
error: Content is protected !!